मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की पहल से सुधरा खराब हैंडपंप, क्षेत्रवासियों को मिली राहत
वृंदा नगर में पेयजल समस्या का समाधान, भाजपा युवा मोर्चा के जिला प्रशिक्षण प्रमुख सत्यम यादव के प्रयास रंग लाए

भिलाई। वॉर्ड क्रमांक 28 स्थित वृंदा नगर, आंध्र स्कूल के पीछे लंबे समय से खराब पड़े हैंडपंप के कारण क्षेत्रवासियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार समस्या से अवगत कराने के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला प्रशिक्षण प्रमुख सत्यम यादव ने जनहित में पहल करते हुए समाधान के लिए प्रयास शुरू किए।
जानकारी के अनुसार, लगभग एक माह पूर्व सत्यम यादव ने इस समस्या को लेकर 1100 पर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन लंबे समय तक संबंधित विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई और न ही मरम्मत के लिए कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
इसके बाद उन्होंने 25 जुलाई को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर पुनः शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए 27 जुलाई को संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे और खराब हैंडपंप की मरम्मत का कार्य प्रारंभ कराया। इससे क्षेत्रवासियों को पेयजल की समस्या से राहत मिली और लोगों ने संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर सत्यम यादव ने त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में जनता की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना उनका दायित्व है।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी क्षेत्र की हर जनसमस्या के समाधान के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।

