पावर हाउस बस स्टैंड में ट्रक से मोबाइल चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ : रतन कुमार
भिलाई। दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत पावर हाउस बस स्टैंड के पास ट्रक से मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने घटना के दौरान ट्रक चालक को धारदार हथियार और डंडे से डराकर वारदात को अंजाम दिया था।
मिली जानकारी के अनुसार, 21 जून 2025 की रात ट्रक चालक दुलार सिंह ठाकुर पावर हाउस बस स्टैंड के पास अपना ट्रक खड़ा कर पानी लेने गए थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने ट्रक में रखे विवो कंपनी के मोबाइल फोन की चोरी कर ली। जब चालक ने विरोध किया, तो आरोपियों ने हथियार दिखाकर उसे डराया और मौके से फरार हो गए।
प्रार्थी की शिकायत पर छावनी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 195/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन और एक धारदार हथियार बरामद किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने आसानी से अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया था।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अमित अंदानी, सहायक उप निरीक्षक विनय कुमार रजक और आरक्षक पंकज राय की विशेष भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *