विनोद नेताम
बालोद/विशेष रिपोर्ट_
छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व को नई धार देने के उद्देश्य से ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ का बिगुल फूंक दिया है। महिला आरक्षण से जुड़े ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को जन-जन तक पहुंचाने और इसके प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने के लिए भाजपा ने प्रदेश स्तर पर विशेष टोली का गठन किया है।
इस अभियान के तहत प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को समिति का संयोजक बनाया गया है, जबकि पांच सदस्यीय इस टोली में महिला नेत्रियों को विशेष प्रतिनिधित्व दिया गया है। इसी क्रम में बालोद जिले के तेजतर्रार और सक्रिय भाजपा नेता यशवंत जैन को एक बार फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपकर पार्टी ने उन पर अपना भरोसा जताया है।
भाजपा का यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘महिला नेतृत्व वाले विकास’ के विजन से प्रेरित बताया जा रहा है। पार्टी का लक्ष्य केवल महिला आरक्षण कानून के प्रति जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि महिलाओं को सामाजिक, राजनीतिक और नेतृत्वकारी भूमिका में सशक्त बनाना भी है।
समिति सदस्य यशवंत जैन ने कहा कि भाजपा महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में अधिक भागीदारी दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है, जो देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में नई ऊर्जा का संचार करेगा।
सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने आगामी राजनीतिक परिस्थितियों और संभावित निर्णयों को ध्यान में रखते हुए राज्य स्तर पर रणनीति तैयार कर ली है।
बिल के प्रभावी क्रियान्वयन के बाद प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों और अवसरों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
भाजपा का यह कदम न केवल संगठनात्मक मजबूती का संकेत है, बल्कि आने वाले समय में महिला नेतृत्व को केंद्र में रखकर नई राजनीतिक दिशा तय करने की तैयारी भी माना जा रहा है।

अमित कुमार मंडावी बालोद, छत्तीसगढ़ आधारित अनुभवी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे जमीनी स्तर की सटीक रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वर्तमान में वे Chhattisgarhjunction.in के माध्यम से अपराध, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, ग्रामीण समस्याओं और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से सामने लाते हैं।

