विनोद नेताम
छत्तीसगढ़/धमतरी/आमदी/विशेष रिपोर्ट_
नगर पंचायत आमदी के वार्ड क्रमांक 03 रावा रोड में अवैध कब्जे को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। पूर्व पार्षद प्रेम साहू ने कलेक्टर धमतरी को आवेदन सौंपकर आरोप लगाया है कि डॉ. मुरलीधर साहू द्वारा किए गए कथित अवैध कब्जे पर सीमांकन के बाद भी अब तक कार्रवाई नहीं हुई है।
आवेदन के अनुसार, नगरवासियों की शिकायत पर पूर्व में संबंधित भूमि का सीमांकन कराया गया था, जिसमें लगभग 75 डिसमिल भूमि को अवैध कब्जे की श्रेणी में चिन्हित किया गया था। सीमांकन के दौरान कब्जाधारी को भूमि खाली करने के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बाद भी कब्जा यथावत बना हुआ है। इससे स्थानीय नागरिकों में नाराजगी और रोष का माहौल बताया जा रहा है।
पूर्व पार्षद प्रेम साहू ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि संबंधित कब्जाधारी की पत्नी वर्तमान में नगर पंचायत आमदी की अध्यक्ष हैं। ऐसे में कार्रवाई नहीं होने से प्रशासनिक निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे हैं। आवेदन में यह भी कहा गया है कि चिन्हित भूमि पर पहले से लगे बांस के पेड़ों के ऊपर से विद्युत लाइन गुजरी हुई है तथा वहां पोल और ट्रांसफार्मर भी स्थापित हैं। आंधी-तूफान के दौरान बांस के पेड़ बिजली आपूर्ति में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आवेदनकर्ता का कहना है कि यदि चिन्हित भूमि को खाली कराकर बांस के पेड़ों की कटाई कराई जाती है तो विद्युत व्यवस्था सुचारू हो सकती है। बावजूद इसके अब तक न तो कब्जा हटाया गया और न ही पेड़ों की कटाई की गई है।
पूर्व पार्षद प्रेम साहू ने कलेक्टर से मांग की है कि अवैध कब्जे वाली 75 डिसमिल भूमि को तत्काल खाली कराया जाए तथा जनहित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अमित कुमार मंडावी बालोद, छत्तीसगढ़ आधारित अनुभवी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे जमीनी स्तर की सटीक रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वर्तमान में वे Chhattisgarhjunction.in के माध्यम से अपराध, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, ग्रामीण समस्याओं और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से सामने लाते हैं।

