गुरूर में अवैध कबाड़ कारोबार का बढ़ता जाल, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठने लगे सवाल।

विनोद नेताम

(Raipur Desck)

छत्तीसगढ़ | बालोद | गुरुर | विशेष रिपोर्ट _

गुरूर क्षेत्र में इन दिनों अवैध कबाड़ कारोबार तेजी से फैलता नजर आ रहा है। गांव-गांव और मुख्य मार्गों के आसपास बिना अनुमति संचालित कबाड़ दुकानों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। कई लोगों का आरोप है कि कई कबाड़ कारोबारियों द्वारा संदिग्ध सामान की खरीद-फरोख्त खुलेआम की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कबाड़ के नाम पर चोरी की मोटर, बिजली तार, लोहे के सामान, कृषि उपकरण और सरकारी संपत्ति तक खरीदी जा रही है। इससे क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में भी बढ़ोतरी होने की आशंका जताई जा रही है।आरोप लगाया कि बिना वैध दस्तावेज और लाइसेंस के कई जगहों पर कबाड़ का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है।
अवैध कबाड़ दुकानों के आसपास गंदगी और आगजनी जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है, जिससे पर्यावरण और आम लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। कई स्थानों पर सड़क किनारे कबाड़ जमा होने से आवागमन में भी परेशानी हो रही है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन, पुलिस विभाग और ग्राम पंचायत से मांग की है कि अवैध कबाड़ कारोबार पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए, सभी कबाड़ दुकानों की जांच कर वैध दस्तावेजों की पुष्टि की जाए तथा चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस बढ़ते अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कोई ठोस कदम उठाता है या फिर यह धंधा यूं ही फलता-फूलता रहेगा।

By Amit Mandavi

अमित कुमार मंडावी बालोद, छत्तीसगढ़ आधारित अनुभवी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे जमीनी स्तर की सटीक रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वर्तमान में वे Chhattisgarhjunction.in के माध्यम से अपराध, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, ग्रामीण समस्याओं और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से सामने लाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed