बालोद में खूनी वारदात: डीजे विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक पर चाकू से जानलेवा हमला।

विनोद नेताम वरिष्ठ पत्रकार

छत्तीसगढ़/बालोद/विशेष रिपोर्ट_
बालोद जिले के ग्राम मटिया बी में सुबह-सुबह हुई एक लहूलुहान वारदात ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। जानकारी के अनुसार, गांव के धनराज निषाद के घर उनके दोनों बेटों के विवाह समारोह के दौरान डीजे को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया।
बताया जा रहा है कि हितेश्वर यादव, जिनका डीजे को लेकर विवाद हुआ था, उन्हें आरोपियों ने आपसी समझौते के बहाने बुलाया। जैसे ही वे धनराज निषाद के घर के आंगन पहुंचे, तीनों आरोपियों ने मिलकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने पहले से अपने पास रखे चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे हितेश्वर यादव के सिर और गले में गंभीर चोटें आईं।
गंभीर रूप से घायल हितेश्वर यादव किसी तरह जान बचाकर गली की ओर भागे। उन्हें लहूलुहान हालत में भागते देख तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल बालोद लाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें राजनांदगांव रेफर कर दिया गया है।
पूर्व नियोजित साजिश का खुलासा
जानकारी के अनुसार, तीनों आरोपी ओम निषाद की मोटरसाइकिल में सवार होकर सुबह मटिया बी पहुंचे थे। तीनों ने एक राय होकर पूर्व नियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी और अपने साथ चाकू लेकर आए थे। घटना के दौरान मयंक साहू ने पास में रखे चाकू से ताबड़तोड़ वार किया।
आरोपियों की गिरफ्तारी
बालोद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपियों की पहचान मयंक साहू (निवासी बाईपास बालोद), सिद्धार्थ मोंगराज (वार्ड 11, आमातालाब बालोद) और ओम निषाद (खालेपारा बालोद) के रूप में हुई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

By Amit Mandavi

अमित कुमार मंडावी बालोद, छत्तीसगढ़ आधारित अनुभवी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे जमीनी स्तर की सटीक रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वर्तमान में वे Chhattisgarhjunction.in के माध्यम से अपराध, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, ग्रामीण समस्याओं और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से सामने लाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed