विनोद नेताम

छत्तीसगढ़|बालोद|विशेष रिपोर्ट _

बालोद : भीषण गर्मी के इस दौर में जब पारा आसमान छू रहा है, तब गुरूर विकासखंड क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी इलाकों में हो रही अघोषित बिजली कटौती ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। यह कोई तकनीकी समस्या भर नहीं, बल्कि जिम्मेदार तंत्र की संवेदनहीनता और लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण बन चुका है।
दिन हो या रात किसी भी समय बिना सूचना के बिजली गुल हो जाना अब यहां की नियति बन चुकी है। सवाल यह उठता है कि क्या बिजली विभाग और सरकार के जिम्मेदार लोग इस तपती गर्मी में बिना बिजली के एक घंटा भी गुजार सकते हैं? जिन घरों में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग हैं, वहां यह “आंख-मिचौली” किसी सजा से कम नहीं है।
सरकार बड़े-बड़े दावे करती है,24 घंटे बिजली, बेहतर व्यवस्था, स्मार्ट सिस्टम लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। गुरूर क्षेत्र की जनता आज भी अंधेरे और गर्मी से जूझने को मजबूर है। बिजली विभाग की कार्यशैली ऐसी लगती है मानो जनता की परेशानी से उनका कोई सरोकार ही नहीं।
सबसे हैरानी की बात यह है कि यह कटौती “अघोषित” है। अगर कोई तकनीकी समस्या है तो उसकी जानकारी पहले क्यों नहीं दी जाती? अगर लोड मैनेजमेंट की बात है, तो उसका कोई तय शेड्यूल क्यों नहीं है? यह मनमानी आखिर कब तक चलेगी?
यह केवल बिजली की समस्या नहीं है,यह जनता के साथ विश्वासघात है। किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी,हर वर्ग इससे प्रभावित हो रहा है। खेतों की सिंचाई रुक रही है, छोटे व्यवसाय ठप पड़ रहे हैं, और बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है।
अब वक्त आ गया है कि जिम्मेदार अधिकारी एसी कमरों से बाहर निकलें और उस तपती जमीन पर खड़े होकर देखें, जहां आम आदमी हर रोज इस अव्यवस्था की आग में झुलस रहा है। अगर व्यवस्था सुधारने की इच्छाशक्ति नहीं है, तो कम से कम जनता को गुमराह करना बंद करें।
चेतावनी साफ है,अगर हालात नहीं सुधरे, तो यह आक्रोश सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन बन सकता है। जनता अब चुप बैठने वाली नहीं है।
गुरूर की गर्मी केवल मौसम की नहीं, बल्कि जनता के गुस्से की भी है और यह गुस्सा अब उबाल पर है।

By Amit Mandavi

अमित कुमार मंडावी बालोद, छत्तीसगढ़ आधारित अनुभवी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे जमीनी स्तर की सटीक रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वर्तमान में वे Chhattisgarhjunction.in के माध्यम से अपराध, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, ग्रामीण समस्याओं और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से सामने लाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed