विनोद नेताम
छत्तीसगढ़/बालोद/गुरुर/ विशेष रिपोर्ट_
छत्तीसगढ़ जंक्शन में खबर प्रकाशित होते ही प्रशासन और ठेकेदार की नींद खुल गई। लंबे समय से सड़क के बीचों-बीच पड़े मुरूम के कारण राहगीरों को हो रही परेशानी पर आखिरकार कार्रवाई शुरू हो गई है।
गुरुर ब्लॉक के ग्राम खुंदनी में पीडब्ल्यूडी विभाग बालोद द्वारा किए जा रहे सीसी रोड निर्माण कार्य में अब तेजी देखने को मिल रही है। लंबे समय से सड़क के बीचों-बीच डाले गए मुरूम के कारण राहगीरों को हो रही परेशानी पर खबर सामने आते ही जिम्मेदारों ने तुरंत संज्ञान लिया।
क्षेत्र की जनपद सदस्य संध्या अजेंद्र साहू के हस्तक्षेप के बाद ठेकेदार को तत्काल निर्देशित किया गया कि सड़क पर पड़े मुरूम को व्यवस्थित रूप से बिछाकर कॉर्नर की भराई की जाए। निर्देश मिलते ही जेसीबी मशीन लगाकर काम शुरू कर दिया गया और अब तेजी से कार्य को पूरा किया जा रहा है।
सड़क के किनारों की भराई होने से आवागमन अब पहले से काफी आसान हो गया है, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी गति से कार्य जारी रहा तो जल्द ही सीसी रोड पूरी तरह तैयार हो जाएगा।

यह मामला दिखाता है कि जनप्रतिनिधियों की पहल और खबर के प्रभाव से प्रशासनिक अमला सक्रिय होता है और आम जनता की समस्याओं का समाधान तेजी से संभव हो पाता है।

अमित कुमार मंडावी बालोद, छत्तीसगढ़ आधारित अनुभवी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे जमीनी स्तर की सटीक रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वर्तमान में वे Chhattisgarhjunction.in के माध्यम से अपराध, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, ग्रामीण समस्याओं और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से सामने लाते हैं।

