विनोद नेताम
बालोद/गुरुर/विशेष रिपोर्ट_
ग्राम खुंदनी में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा बनाई गई सीसी सड़क अब विकास की नहीं, बल्कि लापरवाही की पहचान बनती जा रही है। सड़क निर्माण के नाम पर अधूरा काम छोड़ दिया गया है और बीच रास्ते में मुरूम डालकर उसे जाम कर दिया गया है। नतीजा ग्रामीणों का रोज़मर्रा का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
रास्ते के बीच मुरूम का ढेर, लोगों की बढ़ी मुसीबत
सड़क के बीचों-बीच डाला गया मुरूम अब लोगों के लिए सबसे बड़ी बाधा बन गया है। बाइक, साइकिल और पैदल चलने वाले लोग गिरने के डर से परेशान हैं। कई बार छोटे-छोटे हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक मौन है।कॉर्नर भराई अधूरी, सड़क बनी खतरनाक
सीसी रोड के किनारों की भराई अब तक नहीं की गई है, जिससे सड़क का संतुलन बिगड़ चुका है। जरा सी चूक किसी बड़े हादसे में बदल सकती है।
आंगनबाड़ी के पास खतरे की घंटी
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस अधूरी सड़क के पास ही आंगनबाड़ी केंद्र स्थित है। यहां आने-जाने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा पूरी तरह भगवान भरोसे है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो कोई बड़ा हादसा कभी भी हो सकता है।
ग्रामीणों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
गांव के लोगों ने PWD विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल सड़क को दुरुस्त करने, मुरूम हटाने और अधूरे कार्य को पूरा करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई,तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
सवाल बड़ा है,क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
अब निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि कब जागेगा सिस्टम और ग्रामीणों को राहत मिलेगी।

अमित कुमार मंडावी बालोद, छत्तीसगढ़ आधारित अनुभवी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे जमीनी स्तर की सटीक रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वर्तमान में वे Chhattisgarhjunction.in के माध्यम से अपराध, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, ग्रामीण समस्याओं और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से सामने लाते हैं।

